शाहजहांपुर। जनपद के कटरा क्षेत्र के मोहल्ला कायस्थान निवासी अब्दुल वहीद अंसारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अधीक्षण अभियंता से मिलकर एक शिकायती पत्र सौंपते हुए न्याय की मांग की है।
पीड़ित अब्दुल वहीद अंसारी के अनुसार उनकी दुकान मेन चौराहा बरेली रोड पर स्थित है, जहां 2 किलोवाट का कॉमर्शियल बिजली कनेक्शन है। गलत मीटर रीडिंग के कारण उनके ऊपर ₹87,000 का बकाया बिल आ गया। इस संबंध में उनके बेटे सद्दाम अंसारी ने करीब 6 महीने पहले कटरा उपखंड अधिकारी को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक बिल में कोई सुधार नहीं किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि बिल ठीक कराने के लिए उनके बेटे ने कई बार कटरा सब-स्टेशन के चक्कर लगाए, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। 18 मार्च को जब सद्दाम अंसारी फिर उपखंड अधिकारी के पास पहुंचे, तो आरोप है कि उनसे ₹55,000 की मांग की गई और आश्वासन दिया गया कि बिल सही कर दिया जाएगा तथा कनेक्शन भी PD (परमानेंट डिस्कनेक्शन) कर दिया जाएगा।
आरोप के मुताबिक, सद्दाम अंसारी ने उक्त रकम उपखंड अधिकारी को दे दी, लेकिन इसके बावजूद न तो बिल सही किया गया और न ही कोई कार्रवाई हुई।
घटना ने उस समय तूल पकड़ लिया जब 24 अप्रैल को सद्दाम ने फोन पर अपने पैसे वापस करने या बिल सही करने की मांग की। आरोप है कि इस पर उपखंड अधिकारी भड़क गए और न केवल पैसे लौटाने से इनकार किया, बल्कि फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मरवाने तक की धमकी दी।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ देर बाद उपखंड अधिकारी 10-12 लोगों के साथ उनकी दुकान पर पहुंचे और शराब के नशे में अभद्रता करते हुए जबरन दुकान में घुसकर मीटर उखाड़ ले गए। इस घटना से पीड़ित के आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है।
पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
प्रशासन से मांग:
पीड़ित परिवार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath, मुख्यमंत्री कार्यालय तथा जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

إرسال تعليق